11 होमगार्ड जवानों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई, डीएम-एसपी ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
उरई के कलेक्ट्रेट सभागार में जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए 11 होमगार्ड जवानों के सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। अधिकारियों ने जवानों की ईमानदार सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि होमगार्ड पुलिस के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज व प्रशासन के सहयोगी बने रहते हैं।
सेवानिवृत्त जवानों की निष्ठापूर्ण सेवाओं की सराहना, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना; कानून-व्यवस्था में योगदान को बताया अहम
उरई । कलेक्ट्रेट सभागार उरई में माह जून-2026 में सेवानिवृत्त हुए 11 होमगार्ड जवानों के सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जिला कमांडेंट होमगार्ड्स द्वारा सेवानिवृत्त हो रहे जवानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं खुशहाल जीवन की कामना की गई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि होमगार्ड जवानों ने अपने सेवाकाल में कड़ी मेहनत, निष्ठा, लगन और अनुशासन के साथ विभाग एवं जनपद की सेवा की है। उन्होंने जिला कमांडेंट होमगार्ड्स राजेश कुमार सिंह द्वारा इस प्रकार के सम्मानजनक आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहने को कहा।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि होमगार्ड जवान पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त जवानों से अपेक्षा की कि वे स्थानीय स्तर पर भी एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन को सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि “वर्दीधारी जवान कभी भी रिटायर्ड एवं टायर्ड नहीं होता है।”
जिला कमांडेंट होमगार्ड्स राजेश कुमार सिंह ने जवानों द्वारा विभाग को दी गई सेवाओं के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उन्हें गरिमापूर्ण विदाई देना है। इस अवसर पर जनपद के वैतनिक एवं अवैतनिक होमगार्ड अधिकारी सहित बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान उपस्थित रहे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस