मजदूरों से भरी बोलेरो को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 3 साल की बच्ची समेत 6 की मौत; 7 घायल

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार मजदूर वाहन में फंस गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के नागरिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

मजदूरों से भरी बोलेरो को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 3 साल की बच्ची समेत 6 की मौत; 7 घायल

गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा के पास ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की भीषण टक्कर में 3 साल के बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए।

गोंदिया। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागरा गांव के पास मजदूरों से भरी बोलेरो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को गोंदिया के जिला अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतक और घायल सभी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हादसा गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र के नागरा गांव के पास रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार मजदूर काम की तलाश में हैदराबाद जा रहे थे। वे बालाघाट जिले के किरनापुर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से निकले थे। इसी दौरान गोंदिया की ओर जाते समय सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी बोलेरो की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। बोलेरो में सवार कई लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए ट्रक को क्रेन की मदद से हटाया गया। इसके बाद घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

मौके पर पांच ने तोड़ा दम, बच्ची की इलाज के दौरान मौत

पुलिस के अनुसार हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं तीन साल की बच्ची आरूष मात्रे ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या छह हो गई।

हादसे में बोलेरो चालक समेत कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारी वैभव पंवार के अनुसार दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर के बाद ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में बोलेरो चालक समेत आठ लोग और ट्रक चालक घायल हुए हैं। घायलों का गोंदिया के सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है।

मजदूरी के लिए हैदराबाद जा रहे थे सभी

बताया गया है कि बोलेरो में सवार मजदूर बालाघाट जिले के किरनापुर क्षेत्र के सावरी, किन्ही, लोढामा, पिपलगांव और पल्हेरा गांव के रहने वाले थे। सभी मजदूरी के लिए हैदराबाद जा रहे थे। रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकले इन परिवारों को रास्ते में ही ऐसी दर्दनाक घटना का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे की खबर गांवों में पहुंचते ही मृतकों और घायलों के परिवारों में मातम छा गया। परिजन रात में ही गोंदिया के लिए रवाना हो गए। हादसे में कई परिवारों के एक से अधिक सदस्यों की मौत हुई है, जिससे गांवों में शोक का माहौल है।

एक ही हादसे में परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में संतोष तिलकचंद मात्रे और उनकी पत्नी सुशीला पति संतोष मात्रे की मौत हुई है। इसी तरह रूपसेन पिता तेजलाल सतेकर और उनकी पत्नी ज्योति पति रूपसेन सतेकर ने भी हादसे में जान गंवाई। किरण पति संतोष वैद्य और तीन वर्षीय आरूष मात्रे की भी मौत हुई है।

एक साथ छह लोगों की मौत से कई परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। हादसे में घायल लोगों में भी कुछ ऐसे हैं, जिनके परिवार के सदस्य इस दुर्घटना में जान गंवा चुके हैं।

पीएम के बाद गृह नगर भेजे जाएंगे शव

पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पीएम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उनके गृह नगर भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर की बात सामने आई है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक किस गति से आ रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद मार्ग पर यातायात बहाल किया गया।

मृतकों के नाम

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—

संतोष तिलकचंद मात्रे (38)

सुशीला पति संतोष मात्रे (35)

रूपसेन पिता तेजलाल सतेकर (35)

ज्योति पति रूपसेन सतेकर (32)

किरण पति संतोष वैद्य (26)

आरूष मात्रे (3)

घायलों के नाम

हादसे में घायल लोगों की सूची में—

राकेश पिता राजकुमार बाहे (24)

संतोष पिता चैतराम वैद्य (35)

संगीता पति भूमेश्वर मात्रे (35), निवासी सावरी

भूमेश्वर पिता दुलीचंद मात्रे (37)

राजेंद्र पिता शिवचरण पांचाले (45), निवासी पिपलगांव

लक्ष्मी पति राजेंद्र पांचाले (42)

संदीप पिता रुपलाल बाहे, वाहन चालक

शामिल हैं।

हादसे ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल

गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और रात के समय वाहन चलाने को लेकर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मजदूरों से भरी बोलेरो और ट्रक की सीधी भिड़ंत में छह लोगों की जान चली गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मृतकों में महज तीन साल की बच्ची भी शामिल है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके गृह गांव भेजे जा रहे हैं। घटना के बाद बालाघाट के किरनापुर क्षेत्र के संबंधित गांवों में शोक की लहर है।