मध्य प्रदेश बॉर्डर पर डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा से लेकर CCTV और साफ-सफाई तक कसे इंतजाम
महाराजपुर बॉर्डर पर डीएम-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर CCTV, सोलर लाइट, साफ-सफाई और निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के साथ बॉर्डर क्षेत्र के नियमित रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया।
महाराजपुर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
मध्य प्रदेश सीमा पर डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, बॉर्डर की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश
उरई । जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शनिवार को जनपद जालौन से मध्य प्रदेश को जोड़ने वाली अंतरराज्यीय सीमा का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने माधौगढ़ क्षेत्र में स्थित महाराजपुर बॉर्डर सहित मध्य प्रदेश सीमा की ओर जाने वाले मार्गों पर पहुंचकर सीमा पर तैनात व्यवस्थाओं, निगरानी व्यवस्था तथा आवागमन की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा बॉर्डर पर सतर्कता एवं निगरानी व्यवस्था लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय सीमा से आवागमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।महाराजपुर बॉर्डर पर निरीक्षण के दौरान अंतरराज्यीय प्रवेश द्वार के आसपास साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। प्रवेश द्वार के समीप स्थापित सोलर लाइटों एवं सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें पूर्णतः क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रवेश द्वार के आसपास उगी घास-फूस तथा सड़क किनारे जमा मिट्टी और कीचड़ को हटाकर स्थल को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अंतरराज्यीय प्रवेश द्वारों की सुंदरता एवं भव्यता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रवेश द्वारों का नियमित रखरखाव एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित की जाए तथा आसपास के क्षेत्र में उपयुक्त फूलदार एवं सजावटी पौधों का रोपण कराकर सौंदर्यीकरण कराया जाए, जिससे सीमा क्षेत्र में प्रवेश करने वाले लोगों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक वातावरण दिखाई दे।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बॉर्डर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और आवश्यक सुधार कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस