जाम से जूझ रहे शहर के लोगों को निजात दिलाने के लिए पुलिस और एआरटीओ कसेंगे कमर

उरई शहर में ई-रिक्शा के बेतरतीब खड़े होने से लगने वाले जाम पर प्रशासन सख्त हुआ है। डीएम के निर्देश पर पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चला रही है। चौराहों के 50 मीटर दायरे में ई-रिक्शा खड़ा करने पर रोक है। नियम तोड़ने वाले 4 ई-रिक्शा निरुद्ध किए गए हैं। त्योहारों को देखते हुए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जाम से जूझ रहे शहर के लोगों को निजात दिलाने के लिए पुलिस और एआरटीओ कसेंगे कमर

चौराहों से 50 मीटर दूर खड़े होंगे ई-रिक्शा, नियम तोड़ने पर होगी चालान व सीज की कार्रवाई

उरई। शहर में ई-रिक्शा चालकों द्वारा अनियंत्रित रुप से वाहन खड़ा करने से उत्पन्न हो रही यातायात जाम की समस्या से आम जनसामान्य को मुक्त कराने हेतु जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एक विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस में सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) एवं यातायात प्रभारी उरई को संयुक्त रुप से आवश्यक एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।

उक्त निर्देश के अनुक्रम में दिनांक 16 अक्टूबर 2026 से राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वारा सघन चेकिंग एवं जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रमुख चैराहों एवं व्यस्त मार्गों पर ई-रिक्शा चालकों को निर्देशित किया जा रहा है कि वे अपने वाहन किसी भी दशा में चौराहे के 50 मीटर के दायरे में खड़ा न करें। वाहनों को केवल पूर्व से निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा करने हेतु सख्त हिदायत दी जा रही है। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे 04 ई-रिक्शा वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए उन्हें औद्योगिक पुलिस चौकी, उरई में निरुद्ध किया गया।

आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत एवं शहर में सुगम, सुरक्षित तथा निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी द्वारा इस अभियान को और अधिक गति देने तथा सख्ती से लागू करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं।

परिवहन विभाग, जालौन द्वारा जनपद एवं उरई शहर के समस्त ई-रिक्शा चालकों/स्वामियों से अपील की जाती है कि वे यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करें तथा शहर को जाम मुक्त बनाने में अपना पूर्ण प्रशासनिक एवं नागरिक सहयोग प्रदान करें। उल्ंघनकर्ता वाहनों के विरुद्ध वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान व जब्ती (सीज) की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। यह सघन प्रवर्तन एवं जागरुकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।