उरई महायोजना-2031 का बनेगा जोनल प्लान, शहर में लगेंगे हाईमास्ट; सड़क, इंटरलॉक और प्रकाश व्यवस्था से रोशन होगा उरई

उरई महायोजना-2031 का बनेगा जोनल प्लान, शहर में लगेंगे हाईमास्ट; सड़क, इंटरलॉक और प्रकाश व्यवस्था से रोशन होगा उरई

उरई महायोजना-2031 का बनेगा जोनल प्लान, शहर में लगेंगे हाईमास्ट; सड़क, इंटरलॉक और प्रकाश व्यवस्था से रोशन होगा उरई

नई टाउनशिप के लिए बडेरा-बड़ागांव में भूमि क्रय दरों को मंजूरी

जोनल प्लान बनने से भू-उपयोग और मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया होगी आसान

शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क, इंटरलॉक और प्रकाश व्यवस्था के प्रस्ताव स्वीकृत

प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लगाकर शहर को किया जाएगा रोशन

उरई। उरई विकास प्राधिकरण की 31वीं बोर्ड बैठक मंडलायुक्त झांसी एवं उरई विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में 30वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा के साथ प्रस्तावित एजेंडा और अवस्थापना निधि से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत मौजा बडेरा एवं बड़ागांव, तहसील उरई में प्रस्तावित नई टाउनशिप को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। नई टाउनशिप के लिए आपसी सहमति से नियमानुसार भूमि क्रय किए जाने हेतु भूमि दरों का बोर्ड ने अनुमोदन किया।

महायोजना-2031 के लिए बनेगा जोनल प्लान

उरई महायोजना-2031 के अंतर्गत निर्धारित विकास क्षेत्र का जोनल प्लान तैयार किए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने मंजूरी दे दी। अधिकारियों के अनुसार जोनल प्लान तैयार होने के बाद विभिन्न भू-उपयोग क्षेत्रों में अनुमन्य गतिविधियों और निर्माण कार्यों से संबंधित मानचित्रों की स्वीकृति प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और आसान हो सकेगी। इससे शहर के सुनियोजित विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

शहर में सड़क और प्रकाश व्यवस्था पर जोर

बैठक में उरई शहर के विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग और प्रकाश व्यवस्था से संबंधित प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई। शहर के प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लगाए जाने की योजना है, जिससे रात के समय प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर रोशनी उपलब्ध हो सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि इन कार्यों से शहर की सुविधाओं और सुंदरता में भी सुधार होगा।

बोर्ड बैठक में मंडलायुक्त एवं उरई विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विमल कुमार दुबे के अलावा जिलाधिकारी एवं उपाध्यक्ष उरई विकास प्राधिकरण राजेश कुमार पाण्डेय, सचिव परमानंद यादव, सहयुक्त नियोजक स्मिता निगम, प्राधिकरण के मुख्य लेखाधिकारी सहित बोर्ड सदस्य बृजभूषण सिंह मुन्नू, डॉ. अनिल यादव और दिलीप दुबे मौजूद रहे। इसके साथ ही प्राधिकरण के अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए फैसलों से उरई के नियोजित विस्तार, नई टाउनशिप के विकास और शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।