13 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप, खंडहर में मिला शव; आक्रोशित लोगों ने घेरा थाना, 2 किमी तक भोपाल-सीहोर सड़क जाम

राजधानी भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में एक 13 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय मुईन बेग को गिरफ्तार किया है। घटना से गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव किया।

13 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप, खंडहर में मिला शव; आक्रोशित लोगों ने घेरा थाना, 2 किमी तक भोपाल-सीहोर सड़क जाम

भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की मासूम बच्ची की हत्या से हड़कंप. खंडहर में मिला शव. संदिग्ध मोइन खान हिरासत में. परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप 

भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में एक नाबालिग बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बैरागढ़ मुख्य बाजार के पीछे कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पास स्थित एक वीरान खंडहरनुमा इमारत की तीसरी मंजिल पर बच्ची का शव मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रात को घर से निकली थी बच्ची, फिर नहीं लौटी

बताया गया कि बच्ची बैरागढ़ फाटक रोड के पास स्थित झुग्गी बस्ती में अपने परिवार के साथ रहती थी। परिवार की आर्थिक मदद के लिए वह पन्नी बीनने का काम करती थी। परिजनों के मुताबिक, बच्ची बीती रात करीब 8 बजे घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों और परिचितों ने आसपास के स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार बैरागढ़ थाने पहुंचा और बच्ची की गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। परिजन रातभर उसके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद करते रहे, लेकिन सुबह मिली खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।

खंडहर की तीसरी मंजिल पर मिला शव

सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक सुनसान खंडहर में बच्ची का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बैरागढ़ एसीपी, थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही बच्ची की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

घटनास्थल पर पहुंची बच्ची की दादी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दादी ने आरोप लगाया कि बच्ची का शव कंबल में लिपटा हुआ और नग्न अवस्था में मिला। परिवार ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर गहरी नाराजगी जताई और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। लोगों का कहना था कि बच्ची के साथ ऐसा करने वाले व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

आक्रोशित लोगों ने घेरा थाना, सड़क पर लगा जाम

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बैरागढ़ थाने के बाहर जमा हो गए। लोगों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग की। आक्रोश बढ़ने के बाद भोपाल-सीहोर मुख्य मार्ग पर भी लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रदर्शन के कारण करीब 2 किलोमीटर तक सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला तो वे थाने के सामने आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।

एक संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच तेज की। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे खंडहर से नाबालिग बच्ची का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी मोइन खान को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्ची आखिरी बार किसके साथ थी और उसे खंडहर तक कैसे पहुंचाया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर पुलिस घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्ची की मौत के कारण, शरीर पर चोटों और यौन अपराध से जुड़े आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद बैरागढ़ क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिवार अपनी बच्ची के लिए न्याय की मांग कर रहा है, वहीं पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।