ज्वार-बाजरा खरीद में तेजी लाने के निर्देश, सभी क्रय केंद्रों को पूरी क्षमता से संचालित करने पर दिया जोर

जिलाधिकारी समीर ने धान, ज्वार और बाजरा खरीद की समीक्षा करते हुए क्रय केंद्रों पर खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। धान खरीद शून्य मिलने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रभारियों से स्पष्टीकरण मांगा। ज्वार के छह और बाजरा के सभी केंद्रों पर खरीद बढ़ाने तथा सभी केंद्रों को पूरी क्षमता से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को एमएसपी पर उपज बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ज्वार-बाजरा खरीद में तेजी लाने के निर्देश, सभी क्रय केंद्रों को पूरी क्षमता से संचालित करने पर दिया जोर

धान खरीद शून्य मिलने पर जिलाधिकारी नाराज, क्रय केंद्र प्रभारियों से मांगा स्पष्टीकरण।

ज्वार खरीद का लक्ष्य 14,500 मीट्रिक टन, अब तक हुई 849 कुंतल खरीद।

बाजरा खरीद में भी सुस्ती, 3,000 मीट्रिक टन के लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 32.50 कुंतल खरीद।

उरई । किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कृषि उपज की खरीद सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में धान, ज्वार एवं बाजरा खरीद की केंद्रवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान धान खरीद की प्रगति शून्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित क्रय केंद्र प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्र तत्काल सक्रिय किए जाएं और किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीद प्रारंभ कराई जाए।

बैठक में खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये तथा ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार ज्वार हाइब्रिड का समर्थन मूल्य 4023 रुपये, मालदण्डी का 4073 रुपये तथा बाजरा का समर्थन मूल्य 2900 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है। धान खरीद के लिए जनपद में 800 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए उरई, जालौन एवं माधौगढ़ में क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, लेकिन समीक्षा के समय तक किसी भी केंद्र पर खरीद शुरू नहीं हुई थी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित केंद्र प्रभारियों से जवाब तलब करते हुए शीघ्र खरीद प्रारंभ कराने और नियमित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ज्वार खरीद के लिए 14,500 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष जनपद में 12 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक 849 कुंतल ज्वार की खरीद हुई है, जबकि छह केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हो सकी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर तत्काल खरीद प्रारंभ कराई जाए, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भटकना न पड़े। वहीं बाजरा खरीद के लिए 3,000 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए 12 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक 32.50 कुंतल बाजरे की खरीद हुई है। जिलाधिकारी ने बाजरा खरीद में भी तेजी लाने तथा सभी केंद्रों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना शासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी क्रय केंद्रों की नियमित निगरानी करें, किसानों को समर्थन मूल्य एवं खरीद प्रक्रिया की जानकारी दें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। खरीद कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, खाद्य विपणन अधिकारी रुचिता ओमर आदि सहित सम्बधित क्रय केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।