बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, आग में जिंदा जला ट्राला चालक, मौके पर मौत
जालौन के गोहन थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 209 पर देर रात ट्राला और लोडर की टक्कर के बाद ट्राला में भीषण आग लग गई। हादसे में चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। तीन दमकल गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्राला पर नंबर प्लेट न होने से मृतक और वाहन मालिक की पहचान नहीं हो सकी है।
किलोमीटर 209 पर देर रात दो से तीन बजे के बीच हुआ हादसा।
नींद की झपकी आने से ट्राला अनियंत्रित होने की आशंका।
आग बुझने के बाद ट्राला के अंदर मिले चालक के जले हुए अवशेष।
उरई (जालौन)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गोहन थाना क्षेत्र के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। औरैया से ईंट लेकर आ रहे एक ट्राला और लोडर में जोरदार टक्कर हुई जिससे ट्राला में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि ट्राला चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी जलकर मौके पर ही मौत हो गई। आग बुझने के बाद ट्राला से एक व्यक्ति के जले हुए अवशेष बरामद हुए हैं। शव की हालत इतनी खराब है कि फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 209 पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्राला चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया था। हादसे से पहले ट्राला ने एक लोडर को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद ट्राला में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जालौन पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भयानक थी कि दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को बुलाना पड़ा। करीब तीन घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद जले हुए ट्राला की तलाशी ली गई तो अंदर एक व्यक्ति के जले हुए अवशेष मिले, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे में सबसे बड़ी परेशानी यह सामने आई कि ट्राला पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इसके चलते वाहन के मालिक और मृतक चालक के संबंध में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस जले हुए अवशेषों के आधार पर मृतक की पहचान कराने और ट्राला के मालिक का पता लगाने में जुटी है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस