दिव्यांगता को पीछे छोड़ जालौन की बेटी स्वाती का अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में चयन, थाईलैंड में लहराएंगी परचम
जालौन के ग्राम अमीटा की दिव्यांग पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी स्वाती का थाईलैंड पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए चयन हुआ है। 24 से 29 नवंबर 2026 तक बैंकॉक में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जिला प्रशासन ने हवाई यात्रा व्यय के रूप में 41,809 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। जिलाधिकारी समीर ने चेक सौंपकर स्वाती का उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
थाईलैंड में दमखम दिखाएंगी जालौन की बेटी स्वाती, पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए हुआ चयन
चयन सूची में 71वें स्थान पर मिला स्थान, 24 से 29 नवंबर तक बैंकॉक में होगी प्रतियोगिता
उरई । जनपद की दिव्यांग पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी स्वाती ने अपनी मेहनत, लगन, दृढ़ इच्छाशक्ति और खेल प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद का गौरव बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विकासखंड कोंच के ग्राम अमीटा निवासी कमलेश कुमार की पुत्री स्वाती का चयन बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली द्वारा जारी आमंत्रण चयन सूची के क्रमांक 71 पर थाईलैंड पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 24 से 29 नवंबर 2026 तक बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित होगी। स्वाती की इस उपलब्धि को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने में आर्थिक बाधा न आए, इसके लिए जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति, उरई की ओर से हवाई यात्रा व्यय के लिए 41,809 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। इसी क्रम में जिलाधिकारी समीर ने अपने कार्यालय कक्ष में स्वाती को सहायता राशि का चेक प्रदान किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। स्वाती ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और मेहनत के आगे चुनौतियां बाधा नहीं बन सकतीं। उनकी यह उपलब्धि न केवल जनपद के लिए गौरव का विषय है, बल्कि अन्य दिव्यांगजनों एवं युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वाती अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शानदार प्रदर्शन से जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस