छठ पूजा से पहले रामकुंड के संवरेंगे दिन, सालभर शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनेगा परिसर

उरई के रामकुंड को छठ पूजा से पहले साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी समीर ने निरीक्षण कर नगरपालिका को घाटों की मरम्मत, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही रामकुंड को सालभर शहरवासियों के लिए पर्यटन एवं मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने, बोटिंग, सीसीटीवी, पौधरोपण और अन्य सुविधाएं बढ़ाने की योजना पर जोर दिया।

छठ पूजा से पहले रामकुंड के संवरेंगे दिन, सालभर शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनेगा परिसर

छठ पूजा से पहले सफाई, घाटों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश।

बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटी बोटिंग शुरू करने की संभावनाओं पर होगा विचार।

पार्क में सीसीटीवी, बेहतर लाइटिंग, पौधरोपण और बैठने की व्यवस्था विकसित होगी।

उरई । जनपद में आगामी छठ पूजा के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी समीर ने रामकुंड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नगरपालिका की टीम को छठ पूजा से पहले साफ-सफाई, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, घाटों की मरम्मत तथा व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार दीपावली से पहले ही तैयारियां शुरू कराने के उद्देश्य से नगरपालिका की टीमों को कार्य में लगाया गया है। जिलाधिकारी ने रामकुंड को केवल छठ पूजा तक सीमित न रखते हुए इसे शहर के एक आकर्षक एवं विकसित पर्यटन और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने तालाब की पूरी तरह सफाई कराने के साथ उसमें मौजूद जीव-जंतुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटी बोटिंग की सुविधा विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा। उन्होंने पूरे पार्क परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, बेहतर लाइटिंग, अतिरिक्त पौधरोपण, लोगों के बैठने के लिए उपयुक्त स्थान विकसित करने तथा जगह-जगह स्टैंड पोस्ट वाले डस्टबिन लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत एवं रंगाई-पुताई कराकर पूरे परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने को कहा।जिलाधिकारी ने कहा कि रामकुंड शहर के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण एवं सुंदर स्थल है, जिसे सुनियोजित तरीके से विकसित किया जाए तो यह प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ शहरवासियों के लिए मनोरंजन और सुबह-शाम टहलने का बेहतर केंद्र बन सकता है। उन्होंने मनोरंजन संबंधी गतिविधियों के संचालन, निर्धारित मामूली प्रवेश शुल्क तथा चाय-नाश्ते एवं स्थानीय उत्पादों की दुकानों की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए, जिससे नगरपालिका के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हो सकें।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, नगर पालिका के टीएस आदि मौजूद रहे।